16.1 C
Aligarh
Friday, November 21, 2025
16.1 C
Aligarh

सामाजिक न्याय विभाग में रिक्त पदों पर होगी भर्ती, मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने अधिकारियों को दिये निर्देश


मध्य प्रदेश के सामाजिक न्याय विभाग में सरकारी नौकरी करने के इच्छुक युवाओं के लिए अच्छा मौका है। राज्य सरकार जल्द ही यहां खाली पदों पर भर्ती करने जा रही है। प्रदेश के सामाजिक न्याय एवं नि:शक्तजन कल्याण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने इस आशय के निर्देश विभागीय अधिकारियों को जारी किये हैं।

सामाजिक न्याय विभाग द्वारा संचालित निःशक्तजन पुनर्वास केन्द्रों में रिक्त पद शीघ्र भरे जायेंगे। इस आशय के निर्देश सामाजिक न्याय एवं नि:शक्तजन कल्याण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने गुरुवार को सागर संभाग में विभागीय योजनाओं की समीक्षा बैठक में दिये।

मंत्री कुशवाह ने कहा कि हर जरूरतमंद को शासन की योजनाओं का लाभ मिले, इसके लिये मैदानी कार्यकर्ता सतत प्रयास करें। उन्होंने सागर संभाग में सामाजिक सुरक्षा पेंशन हितग्राहियों की केवाईसी की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने 30 नवंबर तक शत-प्रतिशत भौतिक सत्यापन करने के निर्देश दिये.

पुनर्वास केंद्रों में पद भरने के लिए चलेगा अभियान

मंत्री कुशवाह ने छतरपुर जिले में जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र और शासकीय बौद्धिक दिव्यांगजन विशेष विद्यालयों में रिक्त पदों पर चिंता जताई और अधिकारियों को प्रदेश के सभी पुनर्वास केंद्रों में पद भरने के लिए अभियान चलाने के निर्देश दिए।

किसानों को जैविक खेती के लिए प्रेरित करने के निर्देश

सामाजिक न्याय एवं नि:शक्तजन कल्याण के साथ-साथ उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहे मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने सागर संभाग में उद्यानिकी विभाग की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने किसानों को जैविक खेती के प्रति प्रोत्साहित करने की बात कही. उन्होंने कहा कि बदलते दौर में किसान पारंपरिक खेती के साथ-साथ जैविक खेती से भी बेहतर मुनाफा कमा सकते हैं।

धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई, सहायक निदेशक को नोटिस

विभागीय योजनाओं की समीक्षा बैठक में मंत्री कुशवाह ने निवाड़ी जिले की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त की और निवाड़ी के सहायक संचालक उद्यान को कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश संयुक्त संचालक उद्यानिकी को दिये। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष श्याम तिवारी सहित अन्य जन-प्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

FOLLOW US

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
spot_img

Related Stories

आपका शहर
Youtube
Home
News Reel
App