रीवा (मप्र), एक नवंबर (भाषा) सेना प्रमुख जनरल उपेन्द्र द्विवेदी और नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी ने शनिवार को मध्य प्रदेश में अपने अल्मा मेटर रीवा सैनिक स्कूल में एक खेल कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने अनुशासन लाने और जीवन को दिशा देने में खेलों के महत्व पर जोर दिया।
‘ऑल इंडिया सैनिक स्कूल नेशनल गेम्स 2025’ के समापन समारोह में एक सभा को संबोधित करते हुए जनरल द्विवेदी ने कहा कि खेल का अनुशासन और राष्ट्र के प्रति समर्पण सार्वजनिक सेवा की नींव है।
उन्होंने देश के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले विंध्य क्षेत्र के सैनिकों को श्रद्धांजलि दी और कहा कि उनका साहस और बलिदान आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा।
द्विवेदी ने कहा कि उनके शिक्षकों के मार्गदर्शन ने हमेशा दुविधा के क्षणों में उनकी मदद की है। स्कूल के मूल्यों ने उन्हें चुनौतियों का सामना करने के संकल्प को मजबूत करने और एक आत्मनिर्भर राष्ट्र के निर्माण में योगदान देने में मदद की है।
इस अवसर पर एडमिरल त्रिपाठी ने कहा कि उन्हें अपने मातृ संस्थान में आकर हमेशा गर्व महसूस होता है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने शिक्षकों के मार्गदर्शन और अनुशासन को दिया।
एडमिरल त्रिपाठी ने कहा, “खेल सिर्फ मैदान पर खेले जाने वाले खेल नहीं हैं; वे हमें जीवन की दिशा दिखाते हैं।
नौसेना प्रमुख ने कार्यक्रम में 201 लड़कियों सहित 540 कैडेटों की भागीदारी पर भी खुशी व्यक्त की और कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए दृढ़ संकल्प, दृढ़ता और लगातार प्रयास आवश्यक हैं।
भाषा सैन डिमो शफीक
शफीक



