रांची: बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान के कारण झारखंड के विभिन्न जिलों में बारिश की संभावना है.
शुक्रवार को राज्य के चार जिलों के कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. इसे लेकर मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. यह जानकारी मौसम विभाग ने मंगलवार को दी. आप यह खबर झारखंड लेटेस्ट न्यूज पर पढ़ रहे हैं। विभाग के मुताबिक, राज्य के जिन जिलों में बहुत भारी बारिश की संभावना है, उनमें उत्तर-पश्चिम जिले पलामू, गढ़वा, लातेहार और चतरा शामिल हैं. बुधवार को राज्य के दक्षिण-पश्चिमी जिलों के कुछ इलाकों में भारी बारिश की संभावना है.
इसके अलावा शुक्रवार को राज्य के उत्तर पूर्वी जिले देवघर, दुमका, गिरिडीह, कोडरमा, जामताड़ा, साहिबगंज और पाकुड़ के कुछ इलाकों में भारी बारिश की संभावना है. मौसम विभाग ने इसे लेकर येलो अलर्ट जारी किया है. पिछले 24 घंटों के दौरान झारखंड में सबसे अधिक तापमान गोड्डा में 35.4 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम तापमान लातेहार में 18.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इस दौरान सिमडेगा में 0.5 मिमी बारिश दर्ज की गयी.
मंगलवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से ही बादल छाये रहे. इससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई और हल्की ठंड महसूस हुई.
रांची में अधिकतम तापमान 28.7 डिग्री, जमशेदपुर में 32.1 डिग्री, डाल्टेनगंज में 32.7 डिग्री, बोकारो में 31.5 डिग्री और चाईबासा में अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.



