झारखंड का मौसम: भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने रांची समेत झारखंड के 11 जिलों में 17 नवंबर तक शीतलहर की चेतावनी जारी की है. आईएमडी के मुताबिक गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, खूंटी, रामगढ़, रांची और हजारीबाग में 14 नवंबर की सुबह 8:30 बजे से 17 नवंबर की सुबह 8:30 बजे तक ‘येलो अलर्ट’ प्रभावी रहेगा.
न्यूनतम तापमान में दो-तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आयेगी
मौसम विज्ञानी और आईएमडी के रांची कार्यालय के उप निदेशक अभिषेक आनंद ने कहा, ”अगले तीन दिनों के दौरान इन 11 जिलों में न्यूनतम तापमान में दो-तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने की उम्मीद है, जिससे तापमान 10 डिग्री सेल्सियस तक नीचे जा सकता है.” उन्होंने कहा कि पिछले 24 घंटों में चतरा, लातेहार, पलामू और गढ़वा जैसे उत्तर-पश्चिमी हिस्सों के कुछ जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया.
यह भी पढ़ें: आज का मौसम: 18 नवंबर तक होगी भारी बारिश, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश समेत इन राज्यों में शीतलहर का अलर्ट
खूंटी में तापमान सात डिग्री सेल्सियस है.
खूंटी में तापमान सात डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और यह राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा. डालटनगंज में तापमान 9.3 डिग्री सेल्सियस और रांची में 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. बुलेटिन में बताया गया कि जमशेदपुर में न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस, लोहरदगा में 9.7 डिग्री सेल्सियस और चाईबासा में 13.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. विभाग ने कहा कि सुबह घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है, जिससे राज्य के ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में दृश्यता प्रभावित होगी. आईएमडी ने लोगों से सतर्क रहने का भी आग्रह किया।



