न्यूज11भारत
रांची/डेस्क: हिमालय में बर्फबारी और बढ़ती ठंड का असर झारखंड में भी देखने को मिल रहा है. खासकर राज्य के उत्तरी और पश्चिमी जिले ठंड की चपेट में हैं. गुमला और खूंटी में इस साल नवंबर में ही तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है, जो पिछले साल दिसंबर के स्तर के बराबर है. राज्य में कड़ाके की ठंड को देखते हुए रांची मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है.
7 जिलों में येलो अलर्ट
आज गढ़वा, पलामू, गुमला, लातेहार, खूंटी, लोहरदगा और सिमडेगा के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. इन जिलों में न्यूनतम तापमान 6-7 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है और लोगों को ठंड से बचने के लिए सतर्क रहने की सलाह दी गई है. खूंटी और गुमला में स्थिति विशेष रूप से कठिन है, जहां शाम होते ही लोग अपने घरों में दुबक जाते हैं और सड़कों पर सन्नाटा पसर जाता है.
रांची में खुले 11 नि:शुल्क आश्रय गृह
ठंड से बचाव के लिए रांची नगर निगम ने 11 नि:शुल्क आश्रय गृह खोले हैं. इन आश्रय गृहों में बिस्तर, मच्छरदानी जैसी सभी सुविधाएं उपलब्ध हैं। पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग-अलग व्यवस्था की गई है. ठंड से बचने के लिए नागरिक अपने नजदीकी आश्रय गृह का सहारा ले सकते हैं.
यह भी पढ़ें: किसानों को बड़ी राहत, इस बार मिलेगा धान का एकमुश्त भुगतान: डॉ. इरफान अंसारी



