अमित दत्ता/न्यूज़11 भारत
खूंटी/डेस्क: धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के शुभ अवसर पर शनिवार को उनकी जन्मस्थली बिरसा ओड़ा में राज्य स्तरीय भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर झारखंड के महामहिम राज्यपाल श्री संतोष कुमार गंगवार एवं मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन संयुक्त रूप से कार्यक्रम में पहुंचे और भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी. कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने “भगवान बिरसा मुंडा जन्मस्थली बिरसा ओड़ा का जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण कार्य” का शिलान्यास किया. इस मौके पर बिरसा मुंडा के वंशज सुखराम मुंडा, जंगल मुंडा और कानू मुंडा विशेष रूप से उपस्थित थे. शिलाखंड का अनावरण केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री श्री जुएल ओराम ने किया। इस अवसर पर खूंटी सांसद श्री कालीचरण मुंडा और तमाड़ विधायक श्री विकास कुमार मुंडा भी उपस्थित थे।
पूरे कार्यक्रम स्थल पर हजारों की संख्या में ग्रामीण, युवक-युवतियां, महिला मंडल एवं पदाधिकारी एकत्रित हुए. बैंड-बाजे, नृत्य और पारंपरिक गीतों के बीच धरती आबा के नारे से पूरा इलाका गूंज उठा. माहौल में लोक संस्कृति और गौरव के रंग झलके।
अपने संबोधन में राज्यपाल ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा न सिर्फ झारखंड बल्कि पूरे देश के सांस्कृतिक और स्वतंत्रता संग्राम के प्रतीक हैं. मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार बिरसा मुंडा के विचारों पर चलकर आदिवासी अस्मिता और विकास के लिए काम कर रही है. बिरसा ओड़ा के सौंदर्यीकरण और विकास कार्य पूरा होने के बाद यह स्थान न केवल धार्मिक और ऐतिहासिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण हो जाएगा, बल्कि पर्यटन के क्षेत्र में भी झारखंड की पहचान को एक नया आयाम मिलेगा।
यह भी पढ़ें: पलामू में जिला समाज कल्याण विभाग में राज्य स्थापना दिवस पर स्वच्छता अभियान चलाया गया



