कानपुर, लोकजनता। भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देश पर जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने अपने शहर के 3620 बीएलओ को एसआईआर के लिए प्रशिक्षित किया है। ये बीएलओ 4 नवंबर 2025 से शहर में शुरू होने वाले एसआईआर 2026 (मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण) के काम में शामिल होंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि विशेष सघन पुनरीक्षण 2026 के तहत 01 जनवरी 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले सभी नागरिक पंजीकरण के लिए पात्र होंगे। तैयारी, प्रशिक्षण एवं मुद्रण चरण 28 अक्टूबर 2025 से 03 नवम्बर 2025 तक निर्धारित है। घर-घर सत्यापन 04 नवम्बर 2025 से 04 दिसम्बर 2025 तक होगा। मतदान केन्द्रों का आवश्यक पुनर्गठन 04 दिसम्बर 2025 तक पूरा कर लिया जायेगा।
प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 09 दिसम्बर, 2025 को किया जायेगा। दावे एवं आपत्तियां 09 दिसम्बर, 2025 से 08 जनवरी, 2026 तक प्राप्त की जायेंगी तथा निस्तारण 09 दिसम्बर, 2025 से 31 जनवरी, 2026 तक किया जायेगा। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 07 फरवरी, 2026 को किया जायेगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग ने अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 मानकर मतदाता सूची का विशेष सघन पुनरीक्षण कराने के निर्देश दिये हैं। जिलाधिकारी ने शहर के सभी पात्र नागरिकों विशेषकर 18 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के युवाओं से इस कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया है।



