लखनऊ, लोकजनता: शहर में गुरुवार को दिनभर रिमझिम बारिश ने ठंड का अहसास कराया। अधिकतम तापमान में 7.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हुई, लेकिन न्यूनतम तापमान सामान्य से 6.6 डिग्री अधिक रिकॉर्ड किया गया. दिनभर रुक-रुक कर हुई बारिश से लोगों का कामकाज भी प्रभावित हुआ। मौसम विभाग ने शुक्रवार को आसमान में बादल छाए रहने और एक-दो बार गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है।
सुबह से ही बारिश शुरू होने से बच्चों को स्कूल जाने में दिक्कत हुई। कुछ देर के लिए बूंदाबांदी रुकी, लेकिन दोपहर बाद फिर शुरू हो गई। शाम तक रुक-रुक कर बूंदाबांदी जारी रही। ज्यादातर लोग अपने घरों तक ही सीमित रहे। अधिकतम तापमान में करीब 7.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गयी.
अधिकतम तापमान 29.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री रहा, जो सामान्य से 6.6 डिग्री अधिक है। पूरे दिन में 22.9 मिमी बारिश रिकार्ड की गई। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 26 और न्यूनतम 20 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
बारिश के बावजूद गुरुनानक देव की जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई।
गुरुनानक देव की जयंती के दूसरे दिन गुरुवार को लालबाग स्थित हरिओम मंदिर में आसा दी वार के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इसके बाद अनूप केसरवानी ने तुलसी कथा, सत्संग और भजन प्रस्तुत किये। आरती व अरदास के बाद लंगर वितरित किया गया।
रिमझिम बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भजन कीर्तन का आनंद लिया. मुख्य रूप से जेपी नागपाल, सुरेश छबलानी, प्रकाश गोधवानी, हरीश वाधवानी, मनोहर लाल केसवानी, अंजू नागपाल, गीता हरजानी, हरदेवी, राम बालानी, प्रदीप मन्ना, शांता वाधवानी व रमेश बलानी आदि मौजूद रहे।


1.jpg?ssl=1) 
                                    


