कार्यालय संवाददाता, बाराबंकी, लोकजनता: युगतीर्थ शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में आयोजित होने वाले शक्ति संवर्धन 251 कुंडीय गायत्री महायज्ञ की तैयारियां रविवार को भूमि पूजन के साथ शुरू हो गईं। यह भव्य आयोजन 26 से 29 नवंबर 2025 तक शहर के पल्हरी चौराहा स्थित जेब्रा पार्क में होगा। भूमि पूजन समारोह में पधारी टोली के मुखिया एवं शांतिकुंज के प्रखर प्रज्ञा पुराण वक्ता श्याम बिहारी दुबे के नेतृत्व में 24 कुंडीय गायत्री महायज्ञ संपन्न हुआ।
वैदिक मंत्रोच्चार और यज्ञ-हवन के बीच वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से गूंज उठा। दुबे ने कहा कि गायत्री यज्ञ सिर्फ एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं है, बल्कि यह सामाजिक, मानसिक और आध्यात्मिक शुद्धि का माध्यम है। इससे व्यक्ति का अंतःकरण शुद्ध होता है और देश में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। कार्यक्रम का उद्घाटन अपर न्यायाधीश ज्ञान प्रकाश शुक्ल व एमएलसी अंगद सिंह ने संयुक्त रूप से भूमि पूजन कर किया. इस मौके पर अयोध्या जोन प्रभारी देशबंधु तिवारी, भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद मौर्य, पूर्व अध्यक्ष संतोष सिंह, जिला समन्वयक एपी शर्मा, सत्य प्रकाश श्रीवास्तव, डॉ. संजय तिवारी, शांति दीक्षित समेत बड़ी संख्या में गायत्री परिवार के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें: बाराबंकी: विशेष मतदाता पुनरीक्षण में ताकत लगाएगी बीजेपी, तैयारी बैठक में सौंपी गईं जिम्मेदारी



