कार्यालय संवाददाता, बाराबंकी, लोकजनता: कार्तिक पूर्णिमा के शुभ अवसर पर बुधवार की शाम जिले भर में देव दीपावली की धूम मची रही। कहीं सरोवरों के घाटों पर दीपों की लौ टिमटिमाती रही तो कहीं मंदिरों में मंत्रोच्चार और आरती की गूंज से माहौल भक्तिमय हो गया। कोई थाली में दीपक लेकर अभरण सरोवर के घाट पर पहुंचा, तो कोई अपने पूरे परिवार के साथ दीपक जलाने में तल्लीन नजर आया. शाम होते-होते मृदंग, मंजीरा और शंख की ध्वनि के साथ आस्था और प्रकाश का अद्भुत संगम देखने को मिला।
शहर के नागेश्वरनाथ तालाब, फतेहपुर के श्री शक्तिधाम महादेव तालाब, लोधेश्वर महादेवा और सुमेरगंज स्थित मां दुर्गा-काली मंदिर में श्रद्धालुओं ने दीप जलाकर और आतिशबाजी कर देव दीपावली का त्योहार मनाया। नागेश्वरनाथ मंदिर परिसर में 7100 दीपों की जगमगाहट ने लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया. भक्तों को दीपक जलाते, तेल डालते और फूलों से स्वस्तिक बनाते देखा गया। रोशनी से नहाए तालाब पर लोगों ने खूब फोटो और सेल्फी ली। इस मौके पर पूर्व मंत्री अरविंद सिंह गोप और व्यापारी नेता राजीव गुप्ता बब्बी ने देव आरती की। इसके बाद हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम में गणेश वंदना और मयूर नृत्य ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।
रामनगर क्षेत्र के पौराणिक तीर्थ स्थल श्री लोधेश्वर महादेवा में भी देव दीपावली मनाई गई। मंदिर व अभरण सरोवर दीपों से जगमगाते रहे। श्रद्धालुओं ने भगवान लोधेश्वर की पूजा-अर्चना की और हर-हर बम-बम के जयकारे से माहौल गुंजायमान कर दिया। फतेहपुर कस्बे के श्री शक्तिधाम महादेव तालाब पर सुबह से ही दीपोत्सव की तैयारियां चलती रहीं। आचार्य पं. के सान्निध्य में अखिलेश चन्द्र शास्त्री के अनुसार शाम होते ही पूरा नगर दीप मालाओं से जगमगा उठा। श्रद्धालुओं ने सवा लाख दीपक जलाए और देव आरती की गई। भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और माता सीता की आरती ने भक्तों का मन मोह लिया। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत और विधायक साकेंद्र प्रताप वर्मा भी मौजूद रहे। वहीं रामसनेहीघाट के सुमेरगंज स्थित मां दुर्गा-काली मंदिर को फूलों से सजाया गया और शाम को 2100 दीपों की रोशनी से मंदिर परिसर जगमगा उठा। महिलाओं ने माता की महाआरती की और घर में सजाए गए दीपक और आरती की थाल के साथ प्रसाद बांटा।



