नई दिल्ली, लोकजनता। तेजी से बढ़ते भारतीय विमानन बाजार से उत्साहित सऊदी अरब की कंपनी फ्लाईडील 2026 की पहली तिमाही से मुंबई सहित भारतीय शहरों के लिए उड़ानें शुरू करेगी। फ्लाईडील के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) स्टीवन ग्रीनवे ने कहा कि भारत दुनिया के सबसे प्रतिस्पर्धी हवाई बाजारों में से एक है और यहां उड़ान संचालन के खर्चों पर कड़ी नजर रखना जरूरी है।
फ्लाईडील आठ साल से अधिक समय से उड़ान भर रहा है और उम्मीद है कि इस साल के अंत तक उसके बेड़े में 46 विमान होंगे। वर्तमान में इसके पास 42 A320 श्रृंखला के विमान हैं और उसने 10 वाइड-बॉडी A330neo विमानों का ऑर्डर भी दिया है, जो जुलाई 2027 से आना शुरू हो जाएगा। ग्रीनवे ने एक साक्षात्कार में पीटीआई को बताया, “हम अगले साल की पहली तिमाही में भारत में परिचालन शुरू करने का इरादा रखते हैं… हमें मुंबई और दिल्ली जैसे महानगरों में परिचालन शुरू करने की उम्मीद है, और हम भारत के अन्य शहरों पर भी ध्यान केंद्रित करेंगे… मुझे लगता है कि मुंबई पहला शहर होगा।”
सऊदी अरब और भारत के बीच एक महत्वपूर्ण विमानन बाजार है और फ्लाईडील देश के 25 गंतव्यों को जोड़ता है। ग्रीनवे ने कहा कि फ्लाईडील भारत में एक घरेलू विमानन कंपनी के साथ कोडशेयर साझेदारी करना चाहती है। कोडशेयर साझेदारी में, एक एयरलाइन अपने यात्रियों को एक ही टिकट पर अपनी भागीदार एयरलाइन की उड़ानों में यात्रा करने की अनुमति देती है। उन्होंने कहा कि एयरलाइन को 2026 के अंत तक जेद्दा, रियाद और दम्मम में अपने केंद्रों से भारत में छह गंतव्यों तक पहुंचने की उम्मीद है।



