लखनऊ, लोकजनता: भारतीय शिक्षण मंडल की ओर से आयोजित दो दिवसीय प्रथम राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता सोमवार से चारबाग स्थित उत्तर रेलवे स्टेडियम में शुरू होगी। प्रतियोगिता में अंडर-17 एवं अंडर-19 बालक-बालिकाओं के लिए एथलेटिक्स एवं बैडमिंटन की विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
शनिवार को प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता में लालबाग इसाबेला थोबर्न स्कूल के अध्यक्ष ललित, प्राचार्य आशुतोष और भारतीय शिक्षण मंडल के राष्ट्रीय संयोजक स्वामी पुण्य देव ने बताया कि प्रतियोगिता में 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर दौड़, ऊंची कूद, लंबी कूद, रिले रेस, ट्रिपल जंप, डिस्कस थ्रो, शॉट पुट और जेवलिन थ्रो शामिल हैं।
प्रेस वार्ता में आयोजन सचिव कन्हैया गुर्जर, डॉ. लाल प्रताप सिंह, माध्यमिक शिक्षक संघ संयुक्त के प्रदेश अध्यक्ष सोहनलाल वर्मा, अशोक मिश्रा, अरविंद वर्मा, डॉ. आरबी सिंह, जसकरन सिंह, जितेंद्र कुमार, रमेश कुमार, मनोज कुमार, डॉ. एमपी सिंह व सत्येश कुमार भी मौजूद रहे.
प्रतियोगिता का आयोजन लालबाग इसाबेला थोबर्न स्कूल द्वारा किया जा रहा है। इसमें भारतीय शिक्षा बोर्ड से मान्यता प्राप्त विभिन्न राज्यों के लगभग 250 विद्यार्थी भाग लेंगे।



