अयोध्या. धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए योगी आदित्यनाथ सरकार द्वारा अयोध्या में विकसित किए जा रहे भव्य रामायण पार्क में जल्द ही रावण की 25 फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित की जाएगी। अधिकारियों ने रविवार को कहा कि प्रतिमा में भगवान राम और रावण के बीच युद्ध का चित्रण किया जाएगा। यह पार्क गुप्तार घाट के पास बनाया जा रहा है।
अयोध्या के मेयर गिरीश पति त्रिपाठी ने कहा कि पार्क में भगवान राम, हनुमान, सुग्रीव, विभीषण और अंगद सहित प्रमुख पात्रों की आदमकद मूर्तियों के माध्यम से रामायण के प्रमुख प्रसंगों का प्रदर्शन किया जाएगा। मेयर त्रिपाठी ने कहा, “गुप्तार घाट का बहुत धार्मिक महत्व है क्योंकि ऐसा माना जाता है कि भगवान राम ने इसी स्थान पर जल समाधि ली थी। इस पार्क को रामायण की दिव्यता और भव्यता को प्रदर्शित करने के लिए डिजाइन किया गया है।”
मेयर ने कहा कि इस पार्क का दूसरा प्रमुख आकर्षण राम दरबार होगा जिसमें भगवान राम, माता सीता और भगवान लक्ष्मण की मूर्तियां होंगी. इसका उद्देश्य आगंतुकों को रामायण के महत्वपूर्ण क्षणों का आध्यात्मिक अनुभव देना है। अधिकारियों ने बताया कि इस प्रोजेक्ट के जरिए आध्यात्मिकता को सांस्कृतिक पर्यटन के साथ जोड़ने का प्रयास किया जाएगा.



