आज का मौसम: मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, 12 और 13 नवंबर को तमिलनाडु में कुछ जगहों पर, जबकि 10 नवंबर को केरल और माहे में भारी बारिश की संभावना है. 10 से 11 नवंबर के बीच मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और झारखंड में ठंडी हवाएं चलने की संभावना है. अगले 4-5 दिनों में मध्य प्रदेश, उत्तरी छत्तीसगढ़, उत्तर-पश्चिम झारखंड और दक्षिण हरियाणा के कुछ इलाकों में रात का तापमान सामान्य से 4 से 7 डिग्री सेल्सियस नीचे रह सकता है.
वहीं, उत्तर-पश्चिम भारत और उत्तर मध्य महाराष्ट्र के मैदानी इलाकों में तापमान 2 से 4 डिग्री तक कम हो सकता है. अगले 2-3 दिनों में पूर्वोत्तर भारत में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट की संभावना है.
दिल्ली और यूपी में बढ़ेगी ठंड
अगले सात दिनों में दिल्ली में ठंड बढ़ेगी. 10 नवंबर को अधिकतम तापमान 27 और न्यूनतम 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है. सुबह और शाम को 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है. आने वाले दिनों में उत्तर प्रदेश में तापमान 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है. सुबह के समय 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है, जिससे ठंड का असर बढ़ेगा.
झारखंड में शीतलहर का अलर्ट, बिहार में बढ़ेगी ठंड
बिहार के ग्रामीण इलाकों में अब ठंड पूरी तरह से शुरू हो गई है. पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी के कारण यहां का न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है. 10 नवंबर को झारखंड में ठंड बढ़ने की संभावना है. लातेहार, पलामू, गढ़वा के अलावा लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा और हजारीबाग जिले में शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है.
यह भी पढ़ें: भारी बारिश की चेतावनी: 10,11,12 और 13 नवंबर को भारी बारिश की संभावना, झारखंड समेत इन राज्यों में अगले 48 घंटे तक शीतलहर की चेतावनी
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में ठंड बढ़ेगी
उत्तराखंड में भी ठंड बढ़ने के आसार हैं. नैनीताल, मसूरी और रुद्रप्रयाग में सुबह और शाम को शीतलहर चलने की संभावना है. मौसम विभाग ने कहा कि आने वाले दिनों में हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी जारी रह सकती है, जिससे ठंड और बढ़ेगी.



