आज का मौसम: मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, 23 और 24 नवंबर को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. 25 नवंबर को यहां फिर से भारी बारिश की संभावना है. 22 से 24 नवंबर के बीच तमिलनाडु में कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि 24 नवंबर तक मौसम बारिश वाला बना रह सकता है. केरल और माहे में 22 से 23 नवंबर के बीच भारी बारिश की आशंका है. कुल मिलाकर दक्षिण भारत में कई जगहों पर मौसम बदला रहेगा.
पश्चिमी और मध्य भारत में तापमान बढ़ेगा
आईएमडी के मुताबिक अगले 72 घंटों में पश्चिमी और मध्य भारत में रात का तापमान करीब 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है. इसके बाद मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है और तापमान लगभग स्थिर रहेगा. वहीं, उत्तर-पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की कमी हो सकती है, जिससे रात और सुबह में ठंड बढ़ जाएगी. देश के अन्य हिस्सों में तापमान में कोई खास बदलाव की उम्मीद नहीं है.
दिल्ली-NCR में ठंड बढ़ी
दिल्ली-एनसीआर में सर्दी तो बढ़ रही है, लेकिन प्रदूषण से हालात बिगड़ते नजर आ रहे हैं. ठंड के साथ हवा में मौजूद प्रदूषण लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है. 22 नवंबर को यहां का न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है. 23 नवंबर को तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है.
झारखंड में मौसम में बदलाव की संभावना
अगले 24 घंटे में झारखंड में रात का तापमान करीब दो डिग्री सेल्सियस बढ़ सकता है, लेकिन इसके बाद इसमें फिर गिरावट की संभावना है. 23 नवंबर से मौसम बदल सकता है और सुबह कोहरा, धुंध और बादल छाए रहने की संभावना है। उत्तर भारत में हो रही बर्फबारी का असर झारखंड पर भी पड़ेगा, जिससे ठंडी हवाएं चलेंगी. 26 और 27 नवंबर को तापमान में और गिरावट आ सकती है.
मध्य प्रदेश के कई इलाकों में शीतलहर
22 और 23 नवंबर को पश्चिमी मध्य प्रदेश में शीतलहर चलने की संभावना है. तापमान सामान्य से कम रहेगा और सुबह-शाम ठंडी हवाओं के कारण लोगों को अधिक ठंड का एहसास हो सकता है.



