संतोष कुमार/न्यूज़11 भारत
चांडिल/डेस्क: भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती एवं झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर आजसू पार्टी के केंद्रीय महासचिव हरे लाल महतो ने चांडिल प्रखंड के कटिया एवं भादुडीह स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी. कार्यक्रम में स्थानीय ग्रामीण, पार्टी कार्यकर्ता एवं बुद्धिजीवी उपस्थित थे.
हरे लाल महतो ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा न केवल महान स्वतंत्रता सेनानी थे, बल्कि सामाजिक चेतना और जनता के अधिकारों की लड़ाई के प्रतीक भी थे. उन्होंने कहा, “धरती आबा का जीवन हमें समाज, जल, जंगल, जमीन और हमारी संस्कृति की रक्षा के लिए प्रेरित करता है। उनके दिखाए रास्ते पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।”
उन्होंने राज्यवासियों को झारखंड स्थापना दिवस की बधाई देते हुए कहा कि राज्य की असली पहचान यहां की संस्कृति, परंपरा और मेहनती लोग हैं. उन्होंने कहा कि झारखंड के विकास में युवाओं और ग्रामीण समाज की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है और आजसू पार्टी जनहित के मुद्दों पर संघर्ष करती रहेगी.
यह भी पढ़ें: सरायकेला में भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती और झारखंड स्थापना के 25वें वर्ष के अवसर पर समारोह का आयोजन किया गया.



