बाराबंकी, लोकजनता। अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। इनमें से एक मृतक की इलाज के बाद घर लाए जाने पर मौत हो गई. एक व्यक्ति को गंभीर हालत में जिला अस्पताल भेजा गया है। कोठी थाना क्षेत्र के बाबा का पुरवा मजरे पड़रावा गांव निवासी बंशी लाल (28) पुत्र बिंद्रा प्रसाद गौतम शुक्रवार की रात करीब आठ बजे बाइक से घर लौट रहे थे। पोरई-पड़रवा मार्ग पर बंशीलाल की बाइक सड़क पर मौजूद आवारा मवेशी से टकरा गई। इससे उन्हें अंदरूनी चोटें आईं। जिसके चलते वह घर आकर सो गया।
शनिवार सुबह बंशीलाल की तबीयत अचानक बिगड़ गई। सीएचसी में डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सतरिख थाना क्षेत्र के गोकुलपुर मजरे असेनी गांव निवासी रमेश कुमार की पत्नी सरोज (45) शनिवार की शाम घर के पास ही डॉक्टर के पास दवा लेने जा रही थी। रास्ते में सामने से आ रहे ट्रैक्टर चालक ने उसे टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल महिला को जिला अस्पताल ले जाया गया।
यहां इलाज के दौरान रात करीब 8 बजे उनकी मौत हो गई। जहांगीराबाद थाने के भयारा चपरी गांव निवासी सुंदरलाल का बेटा संदीप कुमार बाइक से अपनी ससुराल दतौली गांव जा रहा था। तभी हेतमापुर गांव मोड़ पर पीछे से आ रही भूसी लदी तेज रफ्तार डीसीएम ने बाइक में टक्कर मार दी। घायल संदीप को सीएचसी बड़ागांव में भर्ती कराया गया। घायल की हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
घायल वृद्ध की घर पर ही मौत हो गई
हादसे में घायल वृद्ध को इलाज के बाद दो दिन पहले घर लाया गया था। शुक्रवार रात उनकी तबीयत अचानक फिर बिगड़ गई। कुछ समय बाद उनकी मृत्यु हो गई। दरियाबाद थाना क्षेत्र के मथुरा नगर निवासी मोहम्मद अनवर अंसारी (65) छह नवंबर को बाइक की टक्कर से घायल हो गए थे। परिजन उन्हें सीएचसी मथुरा नगर ले गए। यहां से उन्हें ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। इलाज के बाद गुरुवार को परिजन उन्हें घर ले आए, लेकिन शुक्रवार रात करीब 10 बजे अचानक तबीयत बिगड़ने से उनकी मौत हो गई।



