झारखंड का मौसम: झारखंड में ठंड ने रफ्तार पकड़ ली है. उत्तरी और मध्य झारखंड में शीतलहर की स्थिति बनने लगी है. मौसम केंद्र ने इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. पिछले तीन दिनों में राजधानी रांची समेत आसपास के इलाकों में न्यूनतम तापमान में करीब छह डिग्री सेल्सियस की गिरावट आयी है. रविवार को रांची का न्यूनतम तापमान 11.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. सुबह की हवा में तेज सिहरन महसूस की गई।
ठंड में और बढ़ोतरी होगी
मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों में ठंड और बढ़ेगी. पूर्वानुमान के मुताबिक, पलामू, गढ़वा, चतरा, गुमला, लातेहार और लोहरदगा जिले में अलग-अलग स्थानों पर शीतलहर चल सकती है. स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि ठंड से फ्लू, नाक बंद होना या नाक से खून आने जैसी समस्याएं हो सकती हैं। लोगों को सलाह दी गई है कि वे ज्यादा देर तक ठंड के संपर्क में न रहें, शरीर को ढककर रखें और कंपकंपी को नजरअंदाज न करें। अत्यधिक ठंड में शीतदंश के कारण त्वचा पीली, कठोर और शुष्क हो सकती है।
यह भी पढ़ें: आज का मौसम: 13 नवंबर तक यहां होगी बारिश, बिजली गिरने की भी आशंका, इन राज्यों में बढ़ेगी ठंड
रांची का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे जा सकता है
मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले एक-दो दिनों में राजधानी का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे जा सकता है, जबकि अन्य जिलों में न्यूनतम तापमान 10 से 15 डिग्री के बीच रहेगा.
इस तरह रांची में न्यूनतम तापमान में गिरावट आयी
6 नवंबर: 15.6°C
7 नवंबर: 17.4°C
8 नवंबर: 15.2°C
9 नवंबर: 11.8°C



