बरेली लोकजनता। वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग एजेंसी की एशियन यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2025 में रोहिलखंड विश्वविद्यालय ने एशिया स्तर पर 901-950 रैंक और दक्षिण एशिया स्तर पर 297वीं रैंक हासिल की है। यह रैंकिंग विश्वविद्यालय की शैक्षणिक और अनुसंधान कार्यों में निरंतर प्रगति का प्रमाण है। रैंकिंग में एशिया के विभिन्न देशों के साथ-साथ भारत के लगभग 294 विश्वविद्यालयों ने भाग लिया था, जिनमें से आरयूवी ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर एशिया के शीर्ष 1000 विश्वविद्यालयों में स्थान हासिल किया है। विश्वविद्यालय ने पीएचडी के साथ स्टाफ में 94.5 अंक और 179वीं रैंक हासिल की है, जो अब तक का उसका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। जबकि एक्सचेंज स्टूडेंट स्टैंडर्ड में 57.2 अंक, इंटरनेशनल रिसर्च नेटवर्क में 33.3 अंक, पेपर प्रति फैकल्टी में 14.4 अंक।
प्रति पेपर उद्धरण में 18.4 अंक और छात्र-शिक्षक अनुपात में 15.7 अंक प्राप्त किये। कुल औसत स्कोर 17.5 अंक रहा है। विश्वविद्यालय ने विशेष रूप से अनुसंधान गुणवत्ता, संकाय योग्यता और अंतर्राष्ट्रीय सहयोग के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति दिखाई है। विश्वविद्यालय परिवार ने इस उपलब्धि को सामूहिक परिश्रम, नवीन शोध दृष्टिकोण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण के निरंतर प्रयासों का परिणाम बताया। कुलपति प्रो. केपी सिंह ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह हमारे विश्वविद्यालय के शिक्षकों, शोधकर्ताओं और छात्रों के निरंतर समर्पण का परिणाम है। हमें गर्व है कि रोहिलखंड विश्वविद्यालय ने एशियाई स्तर पर अपनी एक मजबूत पहचान बनाई है।



