कार्यालय संवाददाता, लखनऊ, लोकजनता: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने 2026 की बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी शुरू कर दी है। परिषद ने परीक्षा केंद्रों के निर्धारण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। नियमानुसार परीक्षा केंद्र 12 किलोमीटर से अधिक दूरी पर नहीं बनाए जाएंगे। यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि सभी केंद्र डिजिटल रूप से सक्षम हों ताकि परीक्षा की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जा सके।
जिले के माध्यमिक शिक्षा अधिकारियों को 10 नवंबर तक स्कूलों का भौतिक सत्यापन करने का निर्देश दिया गया है। परीक्षा केंद्र निर्धारण का काम 30 दिसंबर तक पूरा कर लिया जाएगा। लड़कियों के स्कूलों में लड़कों का केंद्र नहीं बनाया जाएगा। वहीं, पिछले वर्षों में डिबार किए गए विद्यालयों को भी परीक्षा केंद्र नहीं बनाया जाएगा। केंद्र द्वारा निर्धारित मानकों के अनुसार प्रत्येक कक्षा और प्रवेश द्वार पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी से लैस स्ट्रांग रूम बनाए जाएंगे, जिनमें चार डबल लॉक बक्सों में प्रश्नपत्र रखे जाएंगे. वहीं उत्तर पुस्तिकाएं भी सुरक्षित रहेंगी। सभी सीसीटीवी कैमरे बोर्ड और प्रशासन के कंट्रोल रूम से जुड़े रहेंगे।
यह भी पढ़ें: साक्षी महाराज के प्रयास सफल: कोटा-पटना एक्सप्रेस रुकेगी उन्नाव में!



