22.3 C
Aligarh
Saturday, November 1, 2025
22.3 C
Aligarh

मध्य प्रदेश के स्थापना दिवस समारोह की थीम ‘उद्योग एवं रोजगार’ रखी गयी: मुख्यमंत्री श्री यादव


भोपाल, 31 अक्टूबर (भाषा) मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शुक्रवार को कहा कि मध्य प्रदेश अपना स्थापना दिवस ‘उद्योग और रोजगार’ की थीम पर मना रहा है, जो राज्य में सतत विकास, सांस्कृतिक समृद्धि और जनभागीदारी की भावना को दर्शाता है।

यादव ने कहा, “भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शासित मध्य प्रदेश विकास की एक नई यात्रा पर निकल पड़ा है। इसने निवेशकों को अधिक अनुकूल, सरल और सुरक्षित वातावरण प्रदान किया है। यह ‘इनोवेशन हब’ और ‘इनक्यूबेशन नेटवर्क’ की स्थापना करके भारत की स्टार्ट-अप क्रांति को तेज करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।”

1 नवंबर को मध्य प्रदेश स्थापना दिवस की पूर्व संध्या पर प्रकाशित एक लेख में उन्होंने कहा, “उद्योग वर्ष मनाने के साथ-साथ राज्योत्सव (राज्य महोत्सव) की थीम ‘उद्योग और रोजगार’ रखी गई है। यह राज्य में सतत विकास, सांस्कृतिक समृद्धि और सार्वजनिक भागीदारी की भावना को दर्शाता है।”

मध्य प्रदेश शनिवार को राज्य के रूप में अपनी स्थापना के 70वें वर्ष में प्रवेश करेगा।

यादव ने कहा कि 1 नवंबर 1956 को स्थापित मध्य प्रदेश ने पिछले दो दशकों में विकास की नई यात्रा शुरू की है और अग्रणी राज्य बनने की ओर अग्रसर है. उन्होंने कहा कि यह सुखद संयोग है कि देवउठनी एकादशी के शुभ अवसर पर राज्य महोत्सव का आयोजन हो रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा, “हमारे त्योहार, उत्सव और परंपराएं हमारी संस्कृति की नींव हैं। त्योहारों की खुशी भविष्य के निर्माण की भावना को बढ़ावा देती है। सभी त्योहार राज्य में बड़े पैमाने पर मनाए जाते हैं। हमारे त्योहारों का सांस्कृतिक संदर्भ हमें पुराने से नए में बदलने के लिए प्रेरित करता है।”

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व से प्रेरणा लेते हुए, राज्य अपने निवेश और औद्योगिक विकास पहल से ठोस परिणाम प्राप्त करने पर ध्यान केंद्रित कर रहा है।

यादव ने कहा, “मध्य प्रदेश का हर क्षेत्र विविधतापूर्ण है और इसकी अपनी अनूठी विशेषताएं, क्षमताएं और दक्षताएं हैं, जो असीमित संभावनाएं प्रदान करती हैं। इसे ध्यान में रखते हुए, हमने क्षेत्रीय निवेशक शिखर सम्मेलन की शुरुआत की।”

उन्होंने कहा, “व्यवसाय करने में आसानी और निवेशकों से सीधे बातचीत के लिए, हमने मार्च 2024 में उज्जैन से निवेश यात्रा शुरू की और बाद में इसे जबलपुर, ग्वालियर, सागर, रीवा, शहडोल, नर्मदापुरम, मुंबई, कोयंबटूर, बेंगलुरु, पुणे, दिल्ली, यूके, जर्मनी, जापान और दुबई तक बढ़ाया।”

यादव ने कहा कि विभिन्न सम्मेलनों और राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय रोड शो के माध्यम से मध्य प्रदेश में निवेश कई गुना बढ़ गया है. उन्होंने दावा किया कि पिछले एक साल में राज्य ने औद्योगिक निवेश के क्षेत्र में कई ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं.

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट’ (जो फरवरी 2025 में भोपाल में आयोजित हुई थी) में घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय निवेशकों ने प्रदेश में निवेश के प्रति गहरी रुचि दिखाई।

उन्होंने कहा, “मिनरल कॉन्क्लेव में राज्य को 56,000 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले, जो नीतियों और प्रबंधन सरलीकरण में स्पष्टता को दर्शाता है। आईटी पार्क, इलेक्ट्रॉनिक विनिर्माण इकाइयों और नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्रों में भी निवेश आमंत्रित किया गया है।”

यादव ने कहा कि राज्य परिवर्तन के दौर से गुजर रहा है, जहां निवेश, नवाचार और रोजगार इसकी विकास यात्रा के मुख्य आधार हैं।

दिसंबर 2023 में मुख्यमंत्री का पद संभालने वाले यादव ने दावा किया कि पिछले दो वर्षों में राज्य ने उद्योग, कृषि, डेयरी उत्पाद, पर्यावरण, ऊर्जा और सामाजिक सशक्तिकरण के क्षेत्र में कई ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं।

उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश वन, जल, खनिज, शिल्प, कला, संस्कृति, त्योहारों और परंपराओं से समृद्ध है।

यादव ने कहा, “राज्य को मां नर्मदा, चंबल, पार्वती और क्षिप्रा नदियों का सान्निध्य और बाबा महाकाल का आशीर्वाद प्राप्त है। यह भगवान परशुराम की जन्मस्थली, भगवान कृष्ण की शिक्षा स्थली और आदि शंकराचार्य की तपस्या स्थली है।”

उन्होंने कहा, “मर्यादा पुरूषोत्तम राम ने (अपने वनवास के दौरान) चित्रकूट में लंबा समय बिताया था। मध्य प्रदेश नल, भर्तृहरि और विक्रमादित्य जैसे प्रसिद्ध राजाओं की जन्मभूमि भी है। यह सम्राट विक्रमादित्य ही थे जिन्होंने भारत को शकों के आतंक से मुक्त कराया था। दुनिया का पहला वैज्ञानिक कैलेंडर ‘विक्रम संवत’ उज्जैन में शुरू किया गया था।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को साकार करने में योगदान दे रहा है.

उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी ने विकसित भारत बनाने का संकल्प लिया है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हमारा देश दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। प्रधानमंत्री के विकसित भारत बनाने के संकल्प को पूरा करने के लिए मध्य प्रदेश में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।”

भाषा

डिमो

राजकुमार पारुल

पारुल

FOLLOW US

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
spot_img

Related Stories

आपका शहर
Youtube
Home
News Reel
App