रांची: झारखंड के विभिन्न जिलों में मंगलवार से कहीं हल्की तो कहीं भारी बारिश की संभावना है. इसे लेकर मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है. यह जानकारी मौसम विभाग ने रविवार को दी.
मौसम विभाग ने झारखंड के जिन इलाकों में बारिश होने का अनुमान लगाया है उनमें मंगलवार को दक्षिण-पश्चिमी जिले, बुधवार को दक्षिणी और उत्तर-पूर्वी जिले, गुरुवार को राज्य के पश्चिमी, उत्तरी और मध्य जिले और शुक्रवार को राज्य के उत्तर-पूर्वी जिले शामिल हैं. आप यह खबर झारखंड लेटेस्ट न्यूज पर पढ़ रहे हैं। मौसम विभाग के मुताबिक इस दौरान कुछ जगहों पर भारी बारिश की भी संभावना है.
प्रभावित जिलों में कुछ स्थानों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की भी संभावना है. बंगाल की खाड़ी में कम दबाव के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है. पिछले 24 घंटों के दौरान झारखंड के लातेहार में 5.5 मिमी बारिश दर्ज की गई. इस दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान गोंडा में 35.2 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम तापमान लातेहार में 19.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. रविवार को राजधानी रांची समेत आसपास के इलाकों में सुबह से ही बादल छाये रहे, जिसके कारण न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गयी. बीच-बीच में हल्की धूप भी निकली।
रविवार को रांची में अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री, जमशेदपुर में 32.2 डिग्री, डाल्टनगंज में 33.2 डिग्री, बोकारो में 31.1 डिग्री और चाईबासा में अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.



