न्यूज11भारत
रांची/डेस्क: झारखंड के मौसम को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है. छठ पर्व के दौरान राजधानी रांची और आसपास के जिलों में आंशिक बादल छाये रहने की संभावना है. हालांकि, मौसम विभाग के मुताबिक इस दौरान बारिश की कोई संभावना नहीं है. बादल छाये रहने के कारण सुबह के समय न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है. छठवर्तियों के लिए यह राहत की बात है, क्योंकि अर्घ्य के समय पानी में उतरने पर उन्हें ठंड कम लगेगी. वहीं राज्य के कुछ इलाकों खासकर लोहरदगा और गुमला जिले से सटे इलाकों में हल्की छिटपुट बारिश की संभावना है.
पिछले 24 घंटे में तापमान में गिरावट
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, गुरुवार को रांची का अधिकतम तापमान 28.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. बादल छाये रहने के कारण पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में करीब दो डिग्री की गिरावट आयी है. राज्य में सबसे अधिक तापमान सरायकेला में 34.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
कम दबाव का क्षेत्र प्रवेश करेगा
रांची के मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र अगले दो दिनों में तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश के दक्षिणी हिस्से से प्रवेश करेगा. इसके प्रभाव से झारखंड राज्य में भी आंशिक रूप से बादल छाये रहेंगे. अनुमान है कि झारखंड के पश्चिमी हिस्से और छत्तीसगढ़ से सटे कोल्हान जिलों के साथ-साथ पलामू, गुमला, गढ़वा, सिमडेगा और लोहरदगा में भी छिटपुट बारिश हो सकती है.
यह भी पढ़ें: बिहार में एनडीए का चुनावी शंखनाद आज: पीएम मोदी कर्पूरी ठाकुर की धरती से करेंगे शुरुआत



