बरेली, अमृत विचार। दिवाली पर उपभोक्ताओं को भरपूर बिजली मिलेगी। बेहतर बिजली आपूर्ति के लिए शनिवार से गुरुवार तक सबस्टेशनों पर अधिकारियों के साथ कर्मचारियों की ड्यूटी लगायी गयी है. अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टी पर रोक लगा दी गई है.
मुख्य अभियंता के निर्देश पर अधिकारियों को शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों के सबस्टेशनों पर शाम चार बजे से रात 12 बजे तक आपूर्ति की निगरानी करने को कहा गया है। इसके अलावा ट्रॉली ट्रांसफार्मर तैयार करने के साथ ही अलग-अलग गैंग बनाए गए हैं। फाल्ट की सूचना मिलने पर तत्काल गैंग उसे ठीक करने पहुंचेगी।
दिवाली, गोवर्धन पूजा और भाईदूज पर बेहतर बिजली आपूर्ति के लिए 18 से 23 अक्टूबर तक नगर निगम वितरण मंडल के सभी सबस्टेशनों पर निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए 33 और 11 केवी वर्टिकल के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के अलावा कॉमर्शियल फर्स्ट और सेकेंड के साथ ही एचआर पब्लिक रिलेशन वर्टिकल के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को शाम 4 बजे से आधी रात तक सभी सबस्टेशनों पर तैनात किया गया है।
शहर के रामपुर गार्डन, राजेंद्रनगर, हरुनगला और किला में हेल्पडेस्क पर कर्मचारियों को भी अलर्ट कर दिया गया है। मुख्य अभियंता ज्ञान प्रकाश ने बताया कि जिन अधिकारियों व कर्मचारियों की दिवाली के अवसर पर ड्यूटी लगाई गई है, उन्हें अवकाश के दौरान बाहर निकलने पर रोक रहेगी।